oplus_1024
रज्जू बंजारे “वैभवी टाइम्स”
बेमेतरा। जिले में 77वां गणतंत्र दिवस आज पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिला मुख्यालय बेमेतरा के बेसिक मैदान में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में दुर्ग लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल ने मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली।मुख्य अतिथि श्री बघेल ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के जनता के नाम संदेश का वाचन किया।
ध्वजारोहण उपरांत शांति, एकता एवं सद्भाव के प्रतीक स्वरूप तिरंगे रंग के गुब्बारे आकाश में छोड़े गए।समारोह में बेमेतरा विधायक श्री दीपेश साहू, कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान अर्द्धसैनिक बल, पुलिस बल एवं नगर सेना की टुकड़ियों द्वारा भव्य परेड प्रस्तुत की गई। अनुशासन एवं एकरूपता से सजी परेड ने उपस्थित जनसमूह को देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन, पशुपालन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पशु चिकित्सा एवं आदिम जाति कल्याण विभाग की झांकियाँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से परिपूर्ण रंगारंग प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। इस अवसर पर शहीद जवानों के परिजनों को सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस जवानों, स्वास्थ्य कर्मियों, स्वच्छता कर्मचारियों एवं अन्य विभागीय कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
प्रतियोगिताओं के परिणाम
झांकी प्रतियोगिता: प्रथम – कृषि विभाग, द्वितीय – लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, तृतीय – उद्यानिकी विभाग ।
सांस्कृतिक प्रतियोगिता:प्रथम – जवाहर नवोदय विद्यालय बहेरा, द्वितीय – एलंस पब्लिक स्कूल बेमेतरा,तृतीय – कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, बेमेतरा ।
परेड प्रतियोगिता (सीनियर ग्रुप):प्रथम – पुलिस बल प्लाटून नंबर-1 , द्वितीय – पुलिस बल प्लाटून नंबर-2, तृतीय – नगर सेना प्लाटून ।
जूनियर ग्रुप:प्रथम – शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक शाला द्वितीय – शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक शाला (स्काउट)समग्र रूप से जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह राष्ट्रभक्ति, अनुशासन एवं जनभागीदारी का सशक्त उदाहरण बना।
