खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के प्रचार-प्रसार को लेकर नगर में निकली रैली, शुभंकर ‘मोर वीर’ का हुआ जोरदार अभिनंदन
रज्जू बंजारे “वैभवी टाइम्स”
बेमेतरा।भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा छत्तीसगढ़ की मेजबानी में आयोजित होने वाले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के प्रथम संस्करण का आयोजन आगामी 14 फरवरी 2026 से किया जाएगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा इन खेलों के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से प्रदेशभर में मशाल गौरव यात्रा निकाली जा रही है। इसी कड़ी में शनिवार को मशाल गौरव यात्रा का रथ बेमेतरा जिला पहुँचा, जहाँ उसका उत्साह और हर्षोल्लास के साथ भव्य स्वागत किया गया।
कलेक्ट्रेट परिसर में हुआ स्वागत, छात्राओं की प्रस्तुति ने मोहा मन
मशाल गौरव यात्रा सर्वप्रथम कलेक्ट्रेट परिसर पहुँची, जहाँ जिला खेल अधिकारी सुश्री पिंकी मनहर सहित अन्य अधिकारियों ने रथ एवं खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के शुभंकर ‘मोर वीर’ का स्वागत किया। कार्यक्रम को और भी आकर्षक बनाते हुए कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी, जिसने उपस्थितजनों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर जिला क्रीड़ा संघ के सचिव एवं प्रशिक्षक श्री अजय वर्मा एवं उनकी टीम द्वारा भी शुभंकर मोर वीर का अभिनंदन किया गया।
नगर में निकली रैली, सिग्नल चौक पर आतिशबाजी से स्वागत
मशाल गौरव यात्रा रथ एवं शुभंकर मोर वीर के साथ बच्चों द्वारा नगर में जागरूकता रैली निकाली गई। रथ यात्रा नगर भ्रमण करते हुए सिग्नल चौक पहुँची, जहाँ आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान पुलिस एवं यातायात विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी मोर वीर का अभिनंदन कर खेलों के प्रति अपना उत्साह व्यक्त किया।
स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में हुआ सम्मान समारोह
इसके पश्चात रथ यात्रा स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कांटेली पहुँची, जहाँ नगर पालिका अध्यक्ष श्री विजय सिन्हा, प्रदेश संयोजक किसान मोर्चा श्री हर्षवर्धन तिवारी एवं पार्षद श्री गौरव साहू ने शुभंकर मोर वीर का स्वागत किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री विजय सिन्हा ने मेडल एवं मोमेंटो भेंट कर मोर वीर का सम्मान किया।
राष्ट्रीय ट्राइबल गेम्स का आगमन बेमेतरा के लिए गौरव: विजय सिन्हा
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्री विजय सिन्हा ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के ट्राइबल गेम्स के शुभंकर का बेमेतरा आगमन जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने जिले एवं प्रदेशवासियों को खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 की सफलता हेतु शुभकामनाएँ दीं।
कलेक्टर ने खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं
मशाल गौरव यात्रा के बेमेतरा आगमन पर जिला कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिले के युवाओं, खिलाड़ियों एवं खेल से जुड़े सभी लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं तथा छत्तीसगढ़ की मेजबानी में आयोजित हो रहे खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के सफल आयोजन की कामना की।
