जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा ई-समन, ई-साक्ष्य, ई-चालान एवं सड़क सुरक्षा पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित
रज्जू बंजारे वैभवी टाइम्स
बेमेतरा।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बेमेतरा द्वारा ई-समन, ई-साक्ष्य, ई-चालान एवं सड़क सुरक्षा (सुरक्षित ड्राइविंग एवं सुरक्षित सफर) विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन अध्यक्ष/प्रधान जिला न्यायाधीश श्रीमती सरोजनंद दास जी के मार्गदर्शन में किया गया।कार्यशाला में श्री मो. जहांगीर तिगाला, तृतीय व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ श्रेणी, बेमेतरा, श्रीमती अनिता कोशिमा रावटे, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बेमेतरा, सुश्री श्रुति साहू, प्रथम व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी, सुश्री सार्विका चतुर्वेदी, द्वितीय व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी तथा श्री तुषार बारीक, अतिरिक्त न्यायाधीश/प्रथम सिविल जज जूनियर डिवीजन, बेमेतरा की गरिमामयी उपस्थिति रही।कार्यशाला के माध्यम से ई-समन, ई-साक्ष्य, ई-चालान एवं मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत निर्धारित सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई।
साथ ही नियमों के उल्लंघन से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करने हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा स्कूलों एवं ग्राम पंचायतों में चलाए जाने वाले जागरूकता कार्यक्रमों में समन्वय स्थापित कर सहयोग प्रदान करने पर जोर दिया गया।इस अवसर पर श्री मो. जहांगीर तिगाला द्वारा न्यायालयीन स्टॉफ एवं समस्त थाना के सीसीटीएनएस स्टॉफ को ई-समन एवं ई-चालान की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि भविष्य में न्यायालयीन कार्य पूर्णतः पेपरलेस किया जाना है, जिसके तहत बेमेतरा जिला न्यायालय में एचजेएस एवं एलजेएस श्रेणी के एक-एक न्यायालय को चिन्हांकित किया गया है, जहां पूर्ण रूप से पेपरलेस कार्य किया जाएगा। साथ ही थानों से भी ई-चालान ही प्रस्तुत किए जाएंगे।कार्यशाला में ई-चालान की अधिक से अधिक प्रस्तुति तथा ई-चालान प्राप्ति पश्चात् न्यायालयीन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त ई-समन, ई-तामिली एवं ई-साक्ष्य से संबंधित तकनीकी पहलुओं पर भी चर्चा की गई।
सीसीटीएनएस स्टॉफ द्वारा ई-चालान, ई-समन एवं ई-साक्ष्य में आ रही समस्याओं से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हरीश यादव को अवगत कराया गया, जिनके द्वारा समस्याओं के समाधान हेतु उच्चाधिकारियों तक विषय रखने पर चर्चा की गई।कार्यशाला में न्यायालयीन स्टॉफ एवं जिले के समस्त थाना के सीसीटीएनएस स्टॉफ की सक्रिय उपस्थिति रही।
