पंकज कुमार बघेल,
मुंगेली, वैभवी टाइम्स
कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में लोक निर्माण विभाग, संभाग मुंगेली द्वारा जिले में निर्माणाधीन तीन महत्वपूर्ण पहुंच मार्गों का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इन सड़कों के निर्माण से संबंधित ग्रामों सहित आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को अब वर्षभर सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।
लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता ने जानकारी देते हुए बताया कि उपसंभाग लोरमी अंतर्गत 139.71 लाख रुपये की लागत से लोरमी के बैजलपुर से बोदोफाल तक 1.20 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण पूर्ण किया गया है। इस मार्ग के चालू होने से बैजलपुर, परदेशीकापा, चिल्फी सहित आसपास के ग्रामों के ग्रामीणों को विशेष लाभ मिलेगा।
इसी प्रकार देवरहट से हरनाचाका तक 1.75 किलोमीटर लंबी पहुंच मार्ग का निर्माण 176.24 लाख रुपये की लागत से पूरा किया गया है। इस सड़क के प्रारंभ होने से देवरहट, हरनाचाका, खुर्शी, बांधा तथा समीपवर्ती गांवों के निवासियों को वर्षभर आवागमन में राहत मिलेगी।
वहीं गैंजी गांव से चितावर तक 1.735 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण 186.79 लाख रुपये की लागत से पूर्ण किया गया है। इस मार्ग से गैंजी, चितावर, गुरूवाईनडबरी सहित आसपास के गांवों को बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध होगी।
इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में न केवल यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं एवं कृषि गतिविधियों को भी गति मिलेगी, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को बल मिलेगा।
