पंकज कुमार बघेल
मुंगेली | वैभवी टाइम्स
जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर कुन्दन कुमार ने धान खरीदी केंद्र गुरुवाइनडबरी एवं खुड़िया का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने धान खरीदी की स्थिति, रकबा समर्पण, भौतिक सत्यापन तथा परिवहन व्यवस्था की जानकारी ली।
गुरुवाइनडबरी केंद्र में बिना जीपीएस युक्त वाहनों से धान परिवहन की शिकायत मिलने पर कलेक्टर ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल जीपीएस युक्त अधिकृत वाहनों से ही धान का परिवहन किया जाए, किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

रकबा समर्पण की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने नाराज़गी व्यक्त करते हुए संतोषजनक जवाब नहीं देने पर लालपुर तहसीलदार एम.पी. कौशिक, नायब तहसीलदार प्रकाश यादव एवं आर.ए.ई.ओ. नेहा ध्रुव को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की वास्तविक उपज की पूरी खरीदी सुनिश्चित की जाए तथा शेष रकबे के दुरुपयोग को रोकने हेतु किसानों की सहमति से रकबा समर्पण कराया जाए।
इसके पश्चात कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्र खुड़िया का निरीक्षण किया। यहां भौतिक सत्यापन एवं डीओ कटने की स्थिति की समीक्षा की गई। हमाली के नाम पर किसानों से राशि वसूलने की शिकायत पर केंद्र प्रभारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोचियों एवं बिचौलियों का धान किसी भी स्थिति में न खरीदा जाए। साथ ही संदिग्ध केंद्रों में भौतिक सत्यापन, उठाव में तेजी, बिना गेट पास वाहनों पर रोक एवं सीसीटीवी से कड़ी निगरानी के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने किसान जोगीराम से चर्चा की। किसान ने बताया कि धान विक्रय से प्राप्त आय से वे अपने बच्चों को इंजीनियरिंग की शिक्षा दिला रहे हैं तथा इस वर्ष लगभग 9 लाख रुपये का धान विक्रय किया है। कलेक्टर ने किसान की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर लोरमी एसडीएम अजीत पुजारी, सहायक आयुक्त सहकारिता हितेश श्रीवास, सीसीबी नोडल संतोष सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
