पंकज कुमार बघेल,
मुंगेली, वैभवी टाइम्स
कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोष अधिनियम 2013 तथा शी-बॉक्स पोर्टल को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी द्वारा जागरूकता पोस्टर का अनावरण कर अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर महिलाओं को सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। इसके लिए अधिनियम का प्रभावी क्रियान्वयन अत्यंत आवश्यक है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी संजुला शर्मा ने जागरूकता पोस्टर चस्पा कर जिले में अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा महिलाओं को कार्यस्थल पर होने वाले लैंगिक उत्पीड़न से संरक्षण प्रदान करने हेतु शी-बॉक्स पोर्टल की शुरुआत की गई है। इस पोर्टल के माध्यम से सभी शासकीय एवं अशासकीय कार्यालयों व संस्थानों, जहां 10 या उससे अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं, में आंतरिक समिति का गठन एवं पोर्टल पर पंजीयन

अनिवार्य किया गया है।
उन्होंने बताया कि पीड़ित महिलाएं शी-बॉक्स पोर्टल के माध्यम से अपनी शिकायत ऑनलाइन दर्ज कर सकती हैं, जिससे शिकायतों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निराकरण सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम में जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी गोपाल लांझी, संरक्षण अधिकारी (नवविहान) सीतामणी कच्छप सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
