पंकज कुमार बघेल,
मुंगेली, वैभवी टाइम्स
कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने छत्तीसगढ़ नर्सिंग होम अधिनियम 2013 के अंतर्गत लोरमी स्थित साहू अस्पताल का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान महिला एवं पुरुष वार्ड, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर, दवा भंडारण कक्ष सहित अस्पताल के विभिन्न प्रमुख विभागों का गहन अवलोकन किया गया। इस दौरान अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं, डॉक्टरों की उपस्थिति, नर्सिंग स्टाफ की व्यवस्था, स्वच्छता एवं मरीजों को दी जा रही सेवाओं की विस्तार से जांच की गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि मरीजों के उपचार के दौरान सभी आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सकों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा शासन द्वारा निर्धारित सभी मानकों एवं नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए। निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, पंजीयन से संबंधित दस्तावेजों एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की भी जांच की गई।
सीएमएचओ ने स्पष्ट किया कि जिले में संचालित सभी निजी अस्पतालों एवं नर्सिंग होम्स की नियमित जांच आगे भी जारी रहेगी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह ठाकुर, आयुष्मान भारत के जिला परियोजना समन्वयक अखिलेश कौशिक सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
