‘ऑपरेशन बाज’ के तहत लोरमी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 61 पाव शराब व बाइक जब्त
पंकज कुमार बघेल,
मुंगेली | वैभवी टाइम्स
मुंगेली जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘‘ऑपरेशन बाज’’ अभियान के तहत लोरमी पुलिस ने अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिलेभर में असामाजिक तत्वों एवं अवैध नशा कारोबारियों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में थाना लोरमी पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई।
दिनांक 25 जनवरी 2026 को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर लोरमी पुलिस ने ग्राम रेहुंटा स्कूल के पास नाकाबंदी कर दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम
कमल सिंह ध्रुव (48 वर्ष) एवं परमानंद ध्रुव (39 वर्ष), निवासी ग्राम ढोलगी, थाना लोरमी, जिला मुंगेली (छ.ग.) बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी कमल सिंह ध्रुव के कब्जे से एक लाल रंग के थैले में रखी 61 पाव देशी प्लेन मदिरा (प्रत्येक 180 मिलीलीटर), कुल 10.980 बल्क लीटर, जिसकी अनुमानित कीमत ₹4,880/- है, बरामद की गई। वहीं परिवहन में प्रयुक्त मोटर सायकल होंडा एसपी क्रमांक CG 09 JK 7928 (कीमत लगभग ₹30,000/-) को भी जब्त किया गया।
आरोपियों द्वारा शराब रखने एवं परिवहन के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। मौके पर विधिवत जप्ती कर थाना लोरमी में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 59(क) के अंतर्गत अपराध क्रमांक 28/26 पंजीबद्ध कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वैष्णव एवं लोरमी थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।‘
