पंकज कुमार बघेल,मुंगेली, वैभवी टाइम्स |
कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत जिला मुंगेली के विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण आयोजित किया गया।
इस शैक्षिक भ्रमण के तहत जिले के प्रारंभिक स्तर के 100 एवं माध्यमिक स्तर के 100 चयनित विद्यार्थियों सहित कुल 200 विद्यार्थियों को जंगल सफारी, नवा रायपुर का अध्ययन भ्रमण कराया गया। यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए न केवल मनोरंजक रहा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीवों एवं जैव विविधता के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुआ।
जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे ने जानकारी दी कि भ्रमण की शुरुआत प्रातः 06:30 बजे जिला कलेक्टोरेट परिसर से हुई, जहां जिला परियोजना समन्वयक अशोक कश्यप द्वारा बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने जंगल सफारी गाइड के मार्गदर्शन में हिरण सफारी, बाघ सफारी, लॉयन सफारी एवं भालू सफारी का अवलोकन किया।
विद्यार्थियों ने शेर, बाघ, भालू, हिरण, नीलगाय, मोर, चिंतल, सांभर सहित अनेक वन्यजीवों को प्रत्यक्ष देखकर उत्साह और ज्ञानवर्धक अनुभव प्राप्त किया।
एपीओ रामनाथ गुप्ता ने बताया कि भ्रमण उपरांत सभी विद्यार्थियों को शाम तक सुरक्षित एवं सकुशल उनके घर पहुंचाया गया।
