पंकज कुमार बघेल,
मुंगेली | वैभवी टाइम्स
मुंगेली विकासखंड के ग्राम बुधवारा में आगर नदी पर प्रस्तावित एनीकट निर्माण कार्य का भूमिपूजन केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू द्वारा किया गया। लगभग 3 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह 60 मीटर लंबा एनीकट क्षेत्र के किसानों एवं ग्रामीणों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।
एनीकट निर्माण से ग्राम बुधवारा और दुल्लापुर के बीच सुगम आवागमन सुनिश्चित होगा, जिससे दोनों गांवों के बीच की दूरी भी कम होगी। साथ ही गर्मी के मौसम में भू-जल स्तर में सुधार होगा तथा सेमरकोना से अमरटापू तक जल उपलब्धता सुनिश्चित होने से किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि एनीकट निर्माण से क्षेत्र में पानी की स्थायी उपलब्धता, सिंचाई रकबे में वृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। यह परियोजना किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय, मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज सहित जनप्रतिनिधि, जल संसाधन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता हेमेन्द्र सिंह ने जानकारी दी कि एनीकट निर्माण से लगभग 41 हेक्टेयर रबी एवं 41 हेक्टेयर खरीफ फसलों के सिंचित क्षेत्र में वृद्धि होगी।

