हर माह की 7 तारीख को ग्राम पंचायतों में मनाया जाएगा ‘आवास दिवस’
रज्जू बंजारे “वैभवी टाइम्स”
बेमेतरा । ग्रामीण क्षेत्रों में आवास एवं रोजगार से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सरकार द्वारा एक महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी पहल की गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं वीबी जी राम जी योजना को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए अब प्रत्येक माह की 7 तारीख को ग्राम पंचायत स्तर पर रोजगार दिवस के साथ-साथ “आवास दिवस” का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में 7 फरवरी 2026 को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
योजनाओं के प्रति जागरूकता पर रहेगा विशेष फोकस
आवास दिवस का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्रता, प्रावधानों, लाभ एवं प्रक्रियाओं की जानकारी देना है, ताकि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रह जाए। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों की समस्याओं को सुनकर त्वरित समाधान किया जाएगा तथा निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
आवास योजना को मिलेगी नई गति
सरकार का लक्ष्य है कि आवास दिवस के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति को और तेज किया जाए। इससे अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को समयबद्ध रूप से सुरक्षित, टिकाऊ एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराया जा सकेगा। साथ ही अधूरे एवं लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण करने में मदद मिलेगी।
पारदर्शिता और जवाबदेही होगी मजबूत
प्रत्येक माह ग्राम पंचायत स्तर पर आवास दिवस आयोजित होने से योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी। लाभार्थियों को अपनी बात सीधे रखने का अवसर मिलेगा, वहीं प्रशासनिक निगरानी भी सुदृढ़ होगी, जिससे अनियमितताओं एवं अनावश्यक विलंब की संभावना कम होगी।
ग्रामीण जीवन को सशक्त बनाने की पहल
आवास दिवस की शुरुआत ग्रामीण जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है। इससे प्रधानमंत्री आवास योजना को मजबूती मिलेगी और वीबी जी राम जी योजना के प्रति भी जागरूकता बढ़ेगी। यह पहल ग्रामीणों को उनके अधिकारों से अवगत कराते हुए उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
