छत्तीसगढ़ में रजिस्ट्री व्यवस्था होगी और आसान
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने आम नागरिकों को रजिस्ट्री एवं पंजीयन से जुड़ी सेवाएं सरल, सुलभ और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने प्रदेश के तीन जिलों में चार नए उप पंजीयक कार्यालय (Sub-Registrar Office) खोलने के लिए प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।
इस निर्णय से अब नागरिकों को रजिस्ट्री के लिए जिला मुख्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
इन स्थानों पर खुलेंगे नए उप पंजीयक कार्यालय
पंजीयन अधिनियम-1908 के तहत स्वीकृत नए कार्यालय निम्न क्षेत्रों में स्थापित किए जाएंगे—
भखारा – जिला धमतरी
लवन – तहसील मुख्यालय, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा
सकरी – जिला बिलासपुर
राजकिशोर नगर – जिला बिलासपुर
समय और धन दोनों की होगी बचत
नए उप पंजीयक कार्यालय खुलने से आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। अब छोटे पंजीयन कार्यों के लिए दूर-दराज स्थित जिला मुख्यालयों तक जाना नहीं पड़ेगा, जिससे समय, पैसा और मेहनत—तीनों की बचत होगी। साथ ही जिला मुख्यालयों में पंजीयन कार्यालयों पर बढ़ती भीड़ में भी कमी आएगी।
सुशासन की दिशा में सशक्त पहल: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस निर्णय को सुशासन की अवधारणा से जोड़ते हुए कहा—
“हमारी सरकार का लक्ष्य शासन की सेवाओं को आमजन के दरवाजे तक पहुँचाना है। नए उप पंजीयक कार्यालय खुलने से प्रशासनिक प्रक्रियाओं में तेजी आएगी और लोगों को अनावश्यक भागदौड़ से मुक्ति मिलेगी।”
पंजीयन विभाग के ‘10 क्रांतिकारी सुधार’ भी होंगे लागू
वित्त एवं वाणिज्य कर (पंजीयन) मंत्री ओ.पी. चौधरी ने बताया कि इन नए कार्यालयों में भी पंजीयन विभाग द्वारा लागू किए गए 10 हाई-टेक और नागरिक हितैषी सुधारों का लाभ मिलेगा।
पंजीयन विभाग की आधुनिक सुविधाएं
घर बैठे रजिस्ट्री – ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग और डिजिटल प्रक्रिया
ऑटो डीड जनरेशन – दस्तावेजों की स्वचालित तैयारी
स्वतः नामांतरण – रजिस्ट्री के साथ ही नामांतरण की प्रक्रिया प्रारंभ
व्हाट्सएप व डिजीलॉकर एकीकरण – डिजिटल दस्तावेजों की सुविधा
कैशलेस भुगतान प्रणाली – सुरक्षित और पारदर्शी लेन-देन
मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन, ऑनलाइन सर्च और डिजिटल सेवाओं से पंजीयन प्रक्रिया और अधिक सुरक्षित होगी तथा धोखाधड़ी की संभावनाएं लगभग समाप्त हो जाएंगी।
