प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विद्यार्थियों को परीक्षा तनाव से मुक्त रहने का दिया मंत्र
रज्जू बंजारे “वैभवी टाइम्स“
बेमेतरा। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय बहेरा, जिला बेमेतरा में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयोजित ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ के 9वें संस्करण का सीधा प्रसारण सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को परीक्षा से जुड़े मानसिक तनाव से मुक्त करना तथा आत्मविश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ परीक्षा की तैयारी के लिए प्रेरित करना रहा।
विद्यालय परिसर में आयोजित इस लाइव प्रसारण को विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों ने भी गहन एकाग्रता के साथ देखा और सुना।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा जीवन का केवल एक पड़ाव है, इसे कभी भी भय या तनाव का कारण नहीं बनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को दूसरों से तुलना करने के बजाय अपनी क्षमताओं को पहचानने और निरंतर प्रयास करते रहने की सलाह दी।
प्रधानमंत्री ने समय प्रबंधन, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, नियमित अभ्यास और स्वस्थ दिनचर्या पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि संतुलित जीवनशैली, योग, खेलकूद और पर्याप्त विश्राम विद्यार्थियों के मानसिक एवं शारीरिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें, बल्कि उनका मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री किशोर कुमार दहिकर ने कहा कि ‘परीक्षा पे चर्चा’ जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को मानसिक रूप से सशक्त बनाते हैं और परीक्षा को बोझ नहीं, बल्कि एक अवसर के रूप में देखने की दृष्टि प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन से उन्हें परीक्षा को लेकर सकारात्मक सोच और नई ऊर्जा मिली है। छात्रों ने इस सत्र को प्रेरणादायक, उपयोगी और मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि इससे उन्हें आगामी परीक्षाओं की तैयारी में आत्मविश्वास प्राप्त हुआ है।
