
पंकज कुमार बघेल,
मुंगेली, वैभवी टाइम्स
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने आज जिला कलेक्टोरेट स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नजूल शाखा, भू-अभिलेख शाखा, शिक्षा विभाग, डीएमएफ शाखा, डिजिटल अभिलेखागार, खेल विभाग, नागरिक आपूर्ति निगम कार्यालय, खाद्य विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, सहकारिता विभाग, आदिवासी विकास विभाग, अंत्यावसायी विभाग, रीडर एवं आवक-जावक शाखा, समाज कल्याण विभाग, वरिष्ठ लिपिक शाखा, शिकायत शाखा, स्थापना शाखा, अधीक्षक कक्ष तथा आबकारी विभाग सहित अनेक कार्यालयों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्यालयीन कार्यप्रणाली, कर्मचारियों की उपस्थिति एवं समयपालन की स्थिति की समीक्षा की और कार्यों में पारदर्शिता तथा समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने समय पर कार्यालय नहीं पहुंचने वाले अधिकारी-कर्मचारियों पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए अनुपस्थित 25 अधिकारी-कर्मचारियों को नोटिस जारी करने तथा एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। नोटिस जारी किए जाने वालों में समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक नदीम काजी, अंत्यावसायी विभाग के कार्यपालन अधिकारी देवेन्द्र जांगड़े, जिला उद्योग विभाग केंद्र के महाप्रबंधक किशोर राजपूत, सहायक प्रबंधक उत्तम दुबे, भू-अभिलेख शाखा की अधीक्षक रिचा गुप्ता, सहायक अधीक्षक भूमिका तिवारी सहित विभिन्न विभागों के सहायक ग्रेड-02 एवं 03, स्टेनोटाइपिस्ट तथा डाटा एंट्री ऑपरेटर शामिल हैं।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि कार्यालयों की कार्यक्षमता बढ़ाने और आमजन को बेहतर सुविधा देने के लिए अनुशासन एवं समयपालन अनिवार्य है। लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
