रज्जू बंजारे “वैभवी टाइम्स”
नवागढ़, बेमेतरा। ग्राम पेंड्री गोढ़ी, थाना नवागढ़, जिला बेमेतरा निवासी सूर्यदेव घिवरे (पिता सुखदेव घिवरे) एवं टेकचंद टंडन (पिता छेदीलाल टंडन) के साथ 26 दिसंबर 2025 को कथित रूप से हुई गंभीर मारपीट एवं जातिगत गाली-गलौज की घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। आरोप है कि नारायण वर्मा, चेतन राजपूत, कुलदीप राजपूत एवं उनके अन्य साथियों ने दोनों पीड़ितों को लगभग तीन घंटे तक बंधक बनाकर जान से मारने की नीयत से मारपीट की और जातिसूचक अपशब्द कहे।
घटना की शिकायत नवागढ़ थाने में दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद 28 दिसंबर 2025 को आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया गया। हालांकि पीड़ित पक्ष का कहना है कि अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे नाराज पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और उन्हें लगातार धमकियां दे रहे हैं। साथ ही, उच्च अधिकारियों के संरक्षण की बात कहकर भय का माहौल बनाया जा रहा है।
इसी के विरोध में आज समस्त सतनामी समाज एवं अंबेडकर सेना के नेतृत्व में नवागढ़ बस स्टैंड में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को सुरक्षा तथा निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि यदि समय रहते न्यायोचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
धरना स्थल पर समाज के पदाधिकारी, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, वहीं प्रशासन की ओर से मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
