पंकज कुमार बघेल,
मुंगेली | वैभवी टाइम्स
मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान ‘मिशन 90 प्लस’ के अंतर्गत जनदर्शन हॉल में प्रेरणा से परिवर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में कक्षा 10वीं, 11वीं एवं 12वीं के डी एवं ई ग्रेडिंग वाले विद्यार्थियों को आमंत्रित कर परीक्षा की बेहतर तैयारी, तनाव प्रबंधन और आत्मविश्वास बढ़ाने हेतु मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने परीक्षा भय, टाइम टेबल निर्माण, पढ़ाई के बाद भूलने की समस्या, उत्तर लेखन में घबराहट और कम समय में प्रभावी तैयारी से जुड़े प्रश्न रखे, जिन पर विषय विशेषज्ञों ने उपयोगी सुझाव दिए।
कक्षा 11वीं की छात्रा मनीषा मनहरण ने स्वयं के नोट्स बनाने के महत्व पर अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि सीमित संसाधनों में ही व्यक्ति की वास्तविक क्षमता निखरती है।
नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन, मोबाइल से दूरी और सकारात्मक सोच से सफलता सुनिश्चित होती है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने विद्यार्थियों को विचार, भावना और परिश्रम के संतुलन से लक्ष्य प्राप्त करने का संदेश दिया।
जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे ने बताया कि मिशन 90 प्लस के अंतर्गत कमजोर विद्यार्थियों के लिए विषय-विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा अतिरिक्त कक्षाएँ एवं व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
इस वर्ष जिले में हाईस्कूल के 11,177 एवं हायर सेकेंडरी के 7,704 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
