बिलासपुर से गिरफ्तारी, हत्या में प्रयुक्त ट्रैक्टर जप्त
पंकज कुमार बघेल, मुंगेली, वैभवी टाइम्स,
लालपुर/मुंगेली।
थाना लालपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम बांधा में जमीन विवाद को लेकर हुई नृशंस हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
मुंगेली वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में फरार चल रहे मुख्य आरोपियों में से एक अन्नु कुमार चन्द्राकर को पुलिस ने बिलासपुर से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया है।
यह मामला थाना लालपुर में अपराध क्रमांक 03/26 के अंतर्गत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 109(1), 191(1), 191(2), 191(3) के तहत पंजीबद्ध है।
इस प्रकरण में पूर्व में 06 आरोपी तथा 01 विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया जा चुका है।
घटना का पूरा विवरण
दिनांक 09 जनवरी 2026 की सुबह ग्राम बांधा, थाना लालपुर में जमीन विवाद को लेकर गंभीर विवाद उत्पन्न हुआ। प्रार्थी सुखदेव कश्यप पिता रामकुमार कश्यप (उम्र 36 वर्ष), निवासी ग्राम बांधा की रिपोर्ट के अनुसार, उनके पिता रामकुमार कश्यप (उम्र 62 वर्ष) पर गांव के ही कुछ लोगों ने एक राय होकर जानलेवा हमला किया।
आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए लाठी-डंडा एवं तब्बल से रामकुमार कश्यप पर बेरहमी से मारपीट की।
मारपीट के बाद भी आक्रोश शांत नहीं होने पर आरोपियों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली के पिछले पहिये से मृतक को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
इतना ही नहीं, घटना के पश्चात आरोपी ट्रैक्टर में सवार होकर गांव की ओर गए और प्रार्थी के चचेरे भाई लक्ष्मीनारायण कश्यप पर भी हत्या की नीयत से लाठी-डंडा एवं तब्बल से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई और मौके से फरार हो गए।
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही थाना लालपुर में मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई की गई। विवेचना के दौरान प्रथम दृष्टया जमीन विवाद के कारण हत्या एवं हत्या के प्रयास का अपराध प्रमाणित पाए जाने पर प्रकरण दर्ज किया गया।
दिनांक 11 जनवरी 2026 को मामले में संलिप्त 06 आरोपियों—रामफल कश्यप, धनराज कश्यप, राजू कश्यप, डोमन निषाद, नंदकुमार कश्यप एवं सुरेश चन्द्राकर—को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। वहीं एक विधि से संघर्षरत बालक को न्यायालय के आदेशानुसार बाल संप्रेषण गृह दाखिल किया गया।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के नेतृत्व में थाना लालपुर पुलिस एवं साइबर सेल द्वारा लगातार पतासाजी की जा रही थी।
दिनांक 22 फरवरी 2026 को तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर सूचना के आधार पर फरार आरोपी अन्नु कुमार चन्द्राकर, पिता अयोध्या, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम बांधा, को बिलासपुर के एकतानगर से हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना के दिन ट्रैक्टर से कुचलकर रामकुमार कश्यप की हत्या करना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर को जप्त किया गया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक प्रसाद सिन्हा (प्रभारी, साइबर सेल), उप निरीक्षक सुन्दरलाल गोरले (थाना प्रभारी, लालपुर) सहित थाना लालपुर एवं साइबर सेल के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
