जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, विद्युत संयोजन में देरी पर जताई नाराजगी
रज्जू बंजारे “वैभवी टाइम्स’
बेमेतरा । जिले में हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लक्ष्य को लेकर कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने संयुक्त जिला कार्यालय स्थित दिशा सभाकक्ष में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक में विभागीय अधिकारियों की कड़ी समीक्षा की। बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों, वित्तीय प्रगति, अतिरिक्त स्वीकृतियों तथा लंबित मामलों पर विस्तृत चर्चा करते हुए कार्यों में अपेक्षित गति लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक की शुरुआत सदस्य सचिव एवं कार्यपालन अभियंता द्वारा एजेंडा बिंदुओं की प्रस्तुति से हुई। 29 जनवरी 2026 के बाद प्राप्त आवंटन, व्यय और भुगतान की अनुमोदन प्रक्रिया पर विचार किया गया। नई पाइपलाइन विस्तार, फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन (FHTC) तथा अतिरिक्त कार्यों की प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृति से संबंधित प्रस्तावों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि जिन ग्रामों में कार्य पूर्ण होने के बाद भी विद्युत संयोजन के अभाव में जल आपूर्ति प्रारंभ नहीं हो पा रही है, वह स्थिति स्वीकार्य नहीं है। जिन स्थानों पर डिमांड नोट का भुगतान किया जा चुका है, वहां विद्युत कनेक्शन में हो रही देरी पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने यह भी कहा कि राज्य स्तर पर निर्धारित लक्ष्यों की समय-सीमा का पालन अनिवार्य है।
9 फरवरी 2026 को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दिए गए निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए नियमित मॉनिटरिंग और फील्ड निरीक्षण आवश्यक है।बैठक में धीमी प्रगति वाली एजेंसियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने दो टूक कहा कि गुणवत्ता से समझौता या कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।साथ ही पूर्ण हो चुके ग्रामों के हस्तांतरण, संचालन एवं संधारण (O&M) व्यवस्था को मजबूत बनाने, समूह जल प्रदाय योजनाओं की तकनीकी समस्याओं के समाधान तथा समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
कलेक्टर ने कहा कि जल जीवन मिशन केवल आधारभूत सुविधा उपलब्ध कराने की योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण जीवन स्तर में स्थायी सुधार का संकल्प है। उन्होंने सभी विभागों से समन्वित प्रयासों के माध्यम से जिले के प्रत्येक घर तक सुरक्षित और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का आह्वान किया।बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित महिला एवं बाल विकास, विद्युत, जनसंपर्क, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी एवं जिला समन्वयक उपस्थित रहे।
