90 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों का फिट इंडिया पोर्टल में पंजीयन, साइकिल रैली के माध्यम से आमजन को किया जागरूक
पंकज कुमार बघेल, मुंगेली | वैभवी टाइम्स
मुंगेली, स्वास्थ्य और फिटनेस को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर मुंगेली पुलिस द्वारा “Sunday On Cycle” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
भारत सरकार के महत्वाकांक्षी फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, स्कूली बच्चों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में मुंगेली एवं लोरमी में साइकिल रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को नियमित व्यायाम, साइकिलिंग और फिटनेस के प्रति जागरूक करना था।
मुंगेली नगर में रक्षित निरीक्षक नरगिस ख्रिस्ट तिग्गा बघेल एवं थाना प्रभारी कार्तिकेश्वर जांगड़े के नेतृत्व में थाना सिटी कोतवाली परिसर से साइकिल रैली का शुभारंभ हुआ। रैली दाऊपारा चौक, रेस्ट हाउस, लोरमी तिराहा एवं पड़ाव चौक से होते हुए पुनः थाना परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने साइकिल चलाते हुए नागरिकों को स्वस्थ रहने के लिए नियमित शारीरिक गतिविधियों को अपनाने की प्रेरणा दी।
वहीं लोरमी में थाना प्रभारी अखिलेश वैष्णव के नेतृत्व में थाना लोरमी परिसर से साइकिल रैली निकाली गई। रैली रेस्ट हाउस चौक, बस स्टैंड एवं तहसील चौक होते हुए पुनः थाना परिसर पहुंची। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता ने इसे जन-जागरूकता का स्वरूप प्रदान किया।
मुंगेली पुलिस द्वारा फिट इंडिया अभियान को मजबूती प्रदान करते हुए जिले के 90 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों का फिट इंडिया पोर्टल में पंजीयन भी कराया गया। कार्यक्रम में शामिल सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ एवं फिट भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा नियमित रूप से साइकिलिंग एवं व्यायाम करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि साइकिल केवल एक परिवहन साधन नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत का भी प्रभावी माध्यम है। नियमित साइकिलिंग से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है और जीवनशैली संबंधी कई बीमारियों से बचाव संभव है।
मुंगेली पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में भी फिट इंडिया अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप स्वास्थ्य, फिटनेस और जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन लगातार किया जाता रहेगा, ताकि समाज में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिल सके।
“फिट रहें, स्वस्थ रहें और साइकिल चलाकर पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें” — इसी संदेश के साथ मुंगेली पुलिस का “Sunday On Cycle” कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
