गांव-शहर चलो अभियान के तहत अधिकारियों को 15 दिन के क्षेत्र भ्रमण के निर्देश
पंकज कुमार बघेल, मुंगेली, वैभवी टाइम्स
मुंगेली, 09 जून 2026। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कलेक्टोरेट के मनियारी सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में वर्षाकाल पूर्व तैयारियों, जनसमस्याओं के समाधान तथा शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक में कलेक्टर ने “गांव-शहर चलो अभियान” के तहत सभी विभागीय अधिकारियों को आगामी 15 दिनों तक क्षेत्र भ्रमण कर जमीनी स्तर की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रशासन और आमजन के बीच संवाद को और मजबूत करेगा।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण पर विशेष जोर दिया। ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण आयोजित नहीं करने पर सभी एसडीएम को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं कार्ययोजना प्रस्तुत नहीं करने पर लोरमी जनपद पंचायत तथा पर्याप्त जानकारी नहीं होने पर जिला शिक्षा अधिकारी को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और स्वच्छता व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए नालियों की सफाई, जलभराव की रोकथाम तथा मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को जल स्रोतों और पानी टंकियों की नियमित सफाई एवं सुरक्षित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने कहा गया।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जर्जर भवनों में किसी भी स्थिति में स्कूल, छात्रावास अथवा आंगनबाड़ी केंद्र संचालित नहीं किए जाएंगे। उन्होंने ऐसे भवनों का सर्वे कर उन्हें निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप ध्वस्त करने के निर्देश दिए।
अचानकमार टाइगर रिजर्व क्षेत्र में अवैध कब्जा और अतिक्रमण रोकने, पहुंचविहीन क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर, खाद्यान्न भंडारण, सोलर लाइट वितरण तथा आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, एग्री-स्टैक पंजीयन, सड़क निर्माण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा की गई।
