निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 100 से अधिक मरीजों का हुआ परीक्षण व उपचार
विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी में मिली गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं
पंकज कुमार बघेल
मुंगेली, वैभवी टाइम्स
कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा के मार्गदर्शन में शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का उद्देश्य आमजन को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना रहा।
शिविर के दौरान 100 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। इसमें ब्लड प्रेशर, मधुमेह, खांसी, सर्दी, बुखार सहित विभिन्न मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की जांच की गई तथा आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण किए गए।
इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों की विशेष रूप से जांच कर उन्हें उचित परामर्श एवं दवाइयां प्रदान की गईं।
शिविर में जिला चिकित्सालय के एम.डी. मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. सिदार एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. हर्षा राय द्वारा मरीजों को चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
चिकित्सकों ने मरीजों को रोगों से बचाव के उपाय, दवाओं के सही उपयोग, संतुलित आहार तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व की जानकारी दी।
साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने और किसी भी बीमारी के लक्षण को नजरअंदाज न करने की सलाह भी दी गई।
निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में क्षेत्र के नागरिकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार का लाभ उठाया। शिविर के सफल संचालन में स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य स्वास्थ्य अमले का सराहनीय सहयोग रहा।
