पंकज कुमार बघेल
मुंगेली, वैभवी टाइम्स
जिले में परिवार नियोजन कार्यक्रम को सुदृढ़ बनाने तथा गर्भ निरोधक दवाओं के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण का आयोजन 14 एवं 15 जनवरी को किया गया। यह प्रशिक्षण कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर डॉ. शीला साहा द्वारा ओरल पिल एवं अन्य गर्भ निरोधक दवाओं के सही सेवन, आवश्यक सावधानियों तथा उनके चिकित्सकीय लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने विशेष रूप से प्रसव के बाद स्तनपान कराने वाली महिलाओं में पीओपी (प्रोजेस्टिन ओनली पिल) की शुरुआत, समयबद्ध सेवन तथा भारत में प्रचलित विभिन्न गर्भ निरोधक साधनों के सुरक्षित उपयोग पर प्रकाश डाला।
प्रशिक्षण सत्र में गर्भ निरोधक इंजेक्शन के चिकित्सकीय लाभ, उपयोग की प्रक्रिया तथा लाभार्थियों को दिए जाने वाले पोस्ट-इंजेक्शन दिशा-निर्देशों पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
जिला चिकित्सालय मुंगेली की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नेहा स्मृति लाल द्वारा प्रतिभागियों को विषय से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के समापन पर प्रतिभागियों को जमीनी स्तर पर परिवार नियोजन एवं नियमित टीकाकरण कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. गिरिश कुर्रे द्वारा भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
तकनीकी सत्र में डॉ. विनय कौशिक द्वारा तकनीकी जानकारी दी गई, वहीं यू-विन पोर्टल के संबंध में प्रोजेक्ट ऑफिसर मो. अजीम द्वारा विस्तार से जानकारी साझा की गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला प्रशिक्षण एवं मानव संसाधन अधिकारी उदय भानू सिंह बंजारे सहित जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
