लक्ष्य फाउंडेशन बेमेतरा में 78वां सेना दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया
रज्जू बंजारे “वैभवी टाइम्स”
बेमेतरा।लक्ष्य फाउंडेशन बेमेतरा द्वारा भारतीय सेना के 78वें सेना दिवस का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, गर्व और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे कैडेटों को भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और वीरगति प्राप्त सैनिकों की गौरवशाली गाथाएं सुनाई गईं, जिससे युवाओं में देशभक्ति और सैन्य सेवा के प्रति प्रेरणा का संचार हुआ।
भारतीय सेना दिवस हर वर्ष 15 जनवरी को मनाया जाता है। यह दिन भारत के वीर जवानों की बहादुरी, साहस, समर्पण और बलिदान को सम्मान देने और स्मरण करने का प्रतीक है। इसी दिन वर्ष 1949 में जनरल (बाद में फील्ड मार्शल) के.एम. करिअप्पा ने अंतिम ब्रिटिश कमांडर-इन-चीफ जनरल एफ.आर.आर. बुचर से भारतीय सेना की कमान संभाली थी। वे स्वतंत्र भारत के पहले भारतीय कमांडर-इन-चीफ बने थे। तभी से 15 जनवरी को सेना दिवस मनाने की परंपरा शुरू हुई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लक्ष्य फाउंडेशन बेमेतरा के संस्थापक एवं मुख्य प्रशिक्षक पवन कुमार ने कहा कि
“वर्ष 2018 में स्थापना के बाद से लक्ष्य फाउंडेशन प्रत्येक बैच के साथ सेना दिवस को हर्षोल्लास और सम्मान के साथ मनाता आ रहा है। हमारा उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और सेना में सेवा का जज़्बा पैदा करना है।”
उन्होंने कहा कि आज़ादी के शुरुआती वर्षों से लेकर आज तक देश की सीमाओं की सुरक्षा में भारतीय सेना की भूमिका अतुलनीय रही है और प्रत्येक नागरिक को अपने सैनिकों पर गर्व होना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान कैडेटों ने भी सेना में शामिल होकर देश सेवा का संकल्प दोहराया।
