महतारी सदन, आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं धान खरीदी केंद्र का जायजा
रज्जू बंजारे “वैभवी टाइम्स’
बेमेतरा। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने आज महामहिम राज्यपाल द्वारा गोद लिए गए ग्राम टेमरी का दौरा कर विभिन्न शासकीय संस्थानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं प्रभावशीलता की विस्तार से समीक्षा की।
लोक सेवा केंद्र का निरीक्षण
कलेक्टर ने ग्राम टेमरी में संचालित लोक सेवा केंद्र का निरीक्षण कर नागरिकों को मिल रही जनसुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र संचालक को निर्देश दिए कि सभी सेवाएं समयबद्ध एवं सुगमता से उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही सेवाओं के लिए शासन द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार ही शुल्क लेने के निर्देश दिए।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण,
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बच्चों को प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने प्रसव कक्ष, ओपीडी एवं दवा वितरण कक्ष का निरीक्षण किया तथा चिकित्सकों को संवेदनशीलता के साथ मरीजों के उपचार के निर्देश दिए।
नव-निर्माण महिला सदन का निरीक्षण
कलेक्टर सुश्री ममगाईं ने महिला आजीविका सशक्तिकरण हेतु निर्माणाधीन महिला सदन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह केंद्र महिलाओं के समग्र विकास एवं आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम बनेगा। निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
धान खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण
कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्र टेमरी का औचक निरीक्षण कर शासन की गाइडलाइन के अनुसार की जा रही खरीदी व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने धान की गुणवत्ता, तौल प्रक्रिया, बारदाना उपलब्धता, भंडारण, उठाव एवं किसानों को दी जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया।किसानों से संवाद करते हुए उन्होंने आश्वस्त किया कि बोए गए रकबे के अनुसार सभी किसानों से धान की खरीदी की जाएगी और किसी को भी परेशानी नहीं होने दी जाएगी।किसानों से सीधा संवाद निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उपस्थित किसानों से टोकन वितरण, तौल की गति, बारदाना उपलब्धता, भुगतान प्रक्रिया एवं अन्य समस्याओं के संबंध में प्रत्यक्ष जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
