पंकज कुमार बघेल,मुंगेली, वैभवी टाइम्स
लोरमी।
मुक्ति वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद जयंती सप्ताह एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आयोजित आनंद मेला युवा महोत्सव 2026 के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए विकासखंड लोरमी अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला सेनगुड़ा के प्रधान पाठक अशोक कुमार टोण्डे को युवा सम्मान से सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने करकमलों से अशोक कुमार टोण्डे को सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। शिक्षक अपने ज्ञान, संस्कार और समर्पण के माध्यम से भावी पीढ़ी को सही दिशा प्रदान करते हैं। ऐसे समर्पित शिक्षकों का सम्मान समाज के लिए प्रेरणादायी होता है। उन्होंने भविष्य में भी उत्कृष्ट कार्य करते हुए लोरमी का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि अशोक कुमार टोण्डे लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र में निष्ठा, अनुशासन एवं नवाचार के साथ कार्य करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उनके द्वारा किए जा रहे शैक्षणिक नवाचार एवं सेवाभाव को दृष्टिगत रखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष सुजीत वर्मा, जनपद अध्यक्ष वर्षा सिंह, जिला पंचायत सभापति रत्ना काठले, अनीता साहू, धनीराम यादव, गुरमीत सलूजा, रवि शर्मा, दिनेश साहू, प्रदीप मिश्रा, संतोष साहू एवं महेन्द्र खत्री उपस्थित रहे। इसके साथ ही मुक्ति वेलफेयर सोसायटी लोरमी के पवन अग्रवाल, शरद डड़सेना, जितेंद्र पाठक, कृष्ण कुमार जायसवाल, प्रमोद जायसवाल, यतींद्र खत्री, अंकित मौर्य, पुंचू यादव, नरेंद्र पाटकार, अमित गुप्ता, भाजपा पदाधिकारी, नगरवासी एवं बड़ी संख्या में युवा कार्यक्रम में शामिल हुए।
