Oplus_131072
Today’s Top News | छत्तीसगढ़
रायपुर।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। विधानसभा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 35 किलोग्राम गांजा के साथ महाराष्ट्र के दो अंतर्राज्यीय तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा परिवहन में प्रयुक्त कार और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 24 लाख 70 हजार रुपये आंकी गई है।
गरियाबंद।
गरियाबंद जिले के छुरा में संचालित लक्ष्मी नारायण निजी हॉस्पिटल में डिलीवरी के बाद एक आदिवासी महिला प्रेमिन ध्रुव और उसके नवजात शिशु की मौत से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। बताया गया कि ऑपरेशन के दौरान मृत बच्चे के शव को डॉक्टरों के कहने पर दफना दिया गया, जबकि महिला को रायपुर रेफर किया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई। घटना के बाद आदिवासी समाज में भारी आक्रोश है।
मुंगेली।
जिले में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित समारोह उस समय खास बन गया जब देशभक्ति गीतों पर कलेक्टर कुंदन कुमार, एसएसपी भोजराम पटेल, DFO अभिनव कुमार, जिला पंचायत CEO प्रभाकर पाण्डेय सहित प्रशासनिक अधिकारी और मुख्य अतिथि विधायक पुन्नूलाल मोहले स्कूली बच्चों के साथ झूमते नजर आए।
नई दिल्ली।
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कर्तव्य पथ पर प्रस्तुत छत्तीसगढ़ की झांकी ने देश-दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा।
“स्वतंत्रता का मंत्र – वंदे मातरम्” थीम पर आधारित यह झांकी जनजातीय वीर नायकों को समर्पित देश के पहले डिजिटल संग्रहालय की गौरवगाथा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती नजर आई।
बिलासपुर।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर बिलासपुर के पुलिस परेड मैदान में तिरंगा फहराया। राष्ट्रगान के बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
