विष्णुदेव साय का वादा पूरा, प्रदेशभर में 10,324 करोड़ रुपए का होगा ऐतिहासिक अंतरण
रज्जू बंजारे ‘वैभवी टाइम्स”
बेमेतरा । खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की सफलता के बाद अब किसानों को होली से पहले बड़ी आर्थिक सौगात मिलने जा रही है। ‘कृषक उन्नति योजना’ के तहत 28 फरवरी को बेमेतरा जिले के 1 लाख 54 हजार 995 पंजीकृत अन्नदाता किसानों के बैंक खातों में 631 करोड़ 30 लाख रुपए की आदान सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे अंतरित की जाएगी।
प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा किसानों से किया गया वादा निभाते हुए इस वर्ष प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से सुनिश्चित की गई। धान उपार्जन केंद्रों में पारदर्शी व्यवस्था के साथ खरीदी पूर्ण की गई तथा भुगतान सीधे किसानों के खातों में किया गया। अब पूर्व घोषणा के अनुरूप होली पर्व से पहले आदान सहायता राशि का अंतरण किसानों के लिए दोहरी खुशी लेकर आ रहा है।
यह राशि किसानों को आगामी फसल की तैयारी, बीज-खाद की व्यवस्था तथा कृषि कार्यों में निवेश के लिए आर्थिक संबल प्रदान करेगी। होली से पूर्व खाते में राशि पहुंचने से जिले के ग्रामीण अंचलों में उत्साह और सकारात्मक वातावरण दिखाई दे रहा है।प्रदेश स्तर पर छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा 25 लाख 28 हजार से अधिक पंजीकृत धान एवं धान बीज उत्पादक किसानों को कुल 10,324 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सीधे बैंक खातों में अंतरित की जाएगी, जिसे किसान हित में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
विकासखंडों में होगा सीधा प्रसारणराज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम 28 फरवरी को दोपहर 12:30 बजे आयोजित किया जाएगा। इसका सीधा प्रसारण जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों में किया जाएगा, जहां जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी किसान उपस्थित रहेंगे।
जिला बेमेतरा में कार्यक्रम के आयोजन स्थल इस प्रकार हैं—बेमेतरा – टाउन हॉल ,साजा – ग्राम सुवरताल,नवागढ़ – मंगल भवन,बेरला – सामुदायिक भवन
इन सभी स्थलों पर राशि अंतरण कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया जाएगा, जिससे किसान सीधे इस ऐतिहासिक पहल के साक्षी बन सकेंगे।कृषक उन्नति योजना के तहत दी जा रही यह सहायता राशि प्रदेश सरकार की किसान-केंद्रित नीतियों और अन्नदाताओं के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। होली से पहले मिली यह सौगात निश्चित रूप से किसानों के चेहरे पर मुस्कान और खेतों में नई ऊर्जा लेकर आएगी।
