पंकज कुमार बघेल,
मुंगेली, वैभवी टाइम्स
कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोष अधिनियम 2013 तथा शी-बॉक्स पोर्टल को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिजा देवी मेरावी तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय सहित विभिन्न निजी संस्थानों में सीएमएचओ शीला साहा के मार्गदर्शन में महिला सुरक्षा से संबंधित जागरूकता पोस्टर चस्पा किए गए। पोस्टरों के माध्यम से महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, शिकायत प्रक्रिया एवं सुरक्षित कार्यस्थल के महत्व की जानकारी दी गई।
जिला कार्यक्रम अधिकारी संजुला शर्मा ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कार्यस्थलों पर महिलाओं के साथ होने वाले लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम करना, पीड़ित महिलाओं को शिकायत निवारण की प्रक्रिया से अवगत कराना तथा उन्हें समानता, गरिमा, प्राण एवं स्वतंत्रता से जुड़े मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है। प्रशासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक कार्यस्थल पर महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने आगे बताया कि अधिनियम 2013 के प्रभावी क्रियान्वयन से महिलाओं में अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और वे बिना भय के अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगी। साथ ही शी-बॉक्स पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की सुविधा की जानकारी भी दी गई, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की संरक्षण अधिकारी सीतामणि कच्छप सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
