Oplus_131072
गणतंत्र दिवस परेड में बेमेतरा के अनिल कुमार यादव को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान
रज्जू बंजारे “वैभवी टाइम्स”
बेमेतरा।देश की राजधानी नई दिल्ली में 26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर आयोजित होने वाली भव्य गणतंत्र दिवस परेड में इस वर्ष देशभर से 10 हजार से अधिक विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। इनमें किसानों, स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों और सरकारी योजनाओं के उत्कृष्ट लाभार्थियों को विशेष रूप से शामिल किया गया है।
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के लिए यह गौरव का विषय है कि सेवा सहकारी समिति योजना के अंतर्गत कार्यरत सहायक समिति प्रबंधक अनिल कुमार यादव (बारगांव) का चयन इस प्रतिष्ठित आयोजन के लिए किया गया है। उन्हें जमीनी स्तर पर किए गए उल्लेखनीय एवं उत्कृष्ट कार्यों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
अनिल कुमार यादव ने अपने कार्यक्षेत्र में सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, किसानों को समय पर लाभ दिलाने और सहकारी व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी कार्यशैली और समर्पण ने न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त किया है, बल्कि आमजन में शासन की योजनाओं के प्रति विश्वास भी बढ़ाया है।गणतंत्र दिवस परेड में उन्हें विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाना जिले एवं प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
यह सम्मान उन कर्मठ व्यक्तियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिन्होंने अपने उत्कृष्ट कार्यों से समाज, क्षेत्र, राज्य और देश को गौरवान्वित किया है।उनके चयन की खबर से जिले में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
स्थानीय नागरिकों, किसानों एवं सहयोगियों ने इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए इसे पूरे बेमेतरा जिले के लिए गर्व का क्षण बताया है।
