पंकज कुमार बघेल, मुंगेली | वैभवी टाइम्स,
जिला प्रशासन द्वारा जिला कलेक्टोरेट मुंगेली में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में आम नागरिकों की भारी उपस्थिति देखने को मिली। जनदर्शन के दौरान जिले भर से आए नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं एवं मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं।
कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने जनसुनवाई करते हुए प्रत्येक आवेदन को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। इस अवसर पर कुल 120 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए।
प्राप्त आवेदनों में प्रमुख रूप से आधार कार्ड निर्माण, शौचालय निर्माण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दिव्यांग प्रमाण पत्र, नाम त्रुटि सुधार, फौती नामांतरण, तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने से संबंधित प्रकरण शामिल रहे।
भालापुर, गोरखपुर, टेमरी, सेमरिया, पालचुवा, पदमपुर, झुलनाखुर्द एवं खैरवार सहित अनेक ग्रामों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं रखीं। विशेष रूप से स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत शौचालय निर्माण एवं महतारी वंदन योजना का लाभ दिलाने की मांग प्रमुख रूप से सामने आई।
अतिरिक्त कलेक्टर ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनदर्शन आमजन और प्रशासन के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है तथा प्रत्येक प्रकरण का त्वरित, पारदर्शी और न्यायोचित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस दौरान मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
