पंकज कुमार बघेल,
मुंगेली | वैभवी टाइम्स
विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन, ग्रामीण (वीबीजी रामजी) अधिनियम 2025 के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्रामीणों को उनके अधिकारों से अवगत कराने के उद्देश्य से मुंगेली जिले में सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) गतिविधियाँ व्यापक स्तर पर संचालित की जा रही हैं।

जिले की सभी 367 ग्राम पंचायतों में अब तक 1400 से अधिक स्थलों पर दीवार लेखन पूर्ण किया जा चुका है। इसके साथ ही पंचायत स्तर पर निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आईईसी गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को अधिनियम के प्रावधानों, रोजगार एवं आजीविका से जुड़े अधिकारों, पारदर्शी मजदूरी भुगतान व्यवस्था तथा पंचायत आधारित योजना निर्माण की जानकारी सरल एवं तथ्यपरक ढंग से दी जा रही है।
जागरूकता अभियान के अंतर्गत ग्राम सभाएँ, जनसंवाद, रैली, पोस्टर-बैनर, दीवार लेखन एवं प्रत्यक्ष संवाद जैसे विविध माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा 26 जनवरी 2026 से 01 मार्च 2026 तक सप्ताहवार आईईसी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
प्रथम सप्ताह – भ्रम बनाम तथ्य एवं रोजगार से परिसंपत्ति निर्माण
द्वितीय सप्ताह – अधिकार संरक्षण संकल्प दिवस
तृतीय सप्ताह – विकसित भारत ग्राम संवाद
चतुर्थ सप्ताह – अहिंसा से अधिकार
पंचम सप्ताह – नवीन अधिनियम पर पंचायत राज पदाधिकारियों के साथ संवाद
षष्ठम सप्ताह – विकसित भारत श्रमिक सम्मान कार्यक्रम
इस संबंध में कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि वीबीजी रामजी अधिनियम ग्रामीणों के रोजगार एवं आजीविका को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। आईईसी गतिविधियों के माध्यम से जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत तक अधिनियम की जानकारी पहुँचाई जा रही है, जिससे पात्र परिवार अपने अधिकारों एवं योजनाओं का पूर्ण लाभ प्राप्त कर सकें।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि वीबीजी रामजी अधिनियम से संबंधित सही, स्पष्ट एवं प्रामाणिक जानकारी ग्राम स्तर तक पहुँचे, जिससे ग्रामीणों में जागरूकता के साथ-साथ विश्वास भी सुदृढ़ हो।
