पंकज कुमार बघेल,
मुंगेली | वैभवी टाइम्स
शासन के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य पूर्ण पारदर्शिता एवं सुव्यवस्थित तरीके से लगातार जारी है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिले की 66 सहकारी समितियों के माध्यम से संचालित 105 उपार्जन केन्द्रों में अब तक 1 लाख 10 हजार 900 से अधिक पंजीकृत किसानों द्वारा धान का विक्रय किया गया है।
जिले में अब तक 47 लाख 26 हजार 935 क्विंटल से अधिक धान की खरीदी हो चुकी है। इसमें 26 लाख 12 हजार 668 क्विंटल मोटा, 21 लाख 14 हजार 132 क्विंटल सरना तथा 134.80 क्विंटल पतला धान शामिल है।
धान का उठाव कार्य भी तेज़ी से जारी है। अब तक 27 लाख 86 हजार 672 क्विंटल से अधिक धान का उठाव किया जा चुका है। वहीं, किसानों को उनके उपज का भुगतान समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करते हुए 1108 करोड़ 17 लाख रुपये से अधिक की राशि का भुगतान किया गया है। माइक्रो एटीएम एवं चेक के माध्यम से त्वरित भुगतान किया जा रहा है। प्रतिदिन लगभग 3 हजार किसानों को करीब 12 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा रहा है।
सीमाओं और चेक पोस्टों पर सख्त निगरानी
अवैध धान भंडारण एवं परिवहन पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिले की सीमाओं एवं सभी चेक पोस्टों पर निगरानी और चौकसी बढ़ा दी गई है। संदिग्ध वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। आंतरिक चेक पोस्टों पर भी विशेष टीमों की तैनाती की गई है। रात्रिकालीन गश्त के साथ-साथ धान परिवहन में लगे वाहनों की सघन जांच की जा रही है।
कोचियों एवं बिचौलियों द्वारा अवैध रूप से धान खपाने की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) स्थापित किया गया है, जिससे खरीदी, भंडारण एवं परिवहन की रियल-टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा रही है।
आईसीसीसी के माध्यम से हो रही सतत निगरानी
राज्य शासन के निर्देशानुसार मिलर्स द्वारा समितियों से धान उठाव की पूरी प्रक्रिया पर आईसीसीसी कमांड सेंटर के माध्यम से सतत निगरानी की जा रही है।
धान परिवहन में लगे वाहनों को जीपीएस सिस्टम से ट्रैक किया जा रहा है। यदि कोई वाहन निर्धारित मार्ग से भटकता है, अधिक समय तक एक स्थान पर रुकता है अथवा क्षमता से अधिक धान का परिवहन करता है, तो इसकी सूचना पोर्टल पर स्वतः प्रदर्शित होती है। ऐसे मामलों की जांच जिला स्तर पर अधिकारियों द्वारा कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
