पंकज कुमार बघेल,
मुंगेली, वैभवी टाइम्स
जिले में 76वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास, देशभक्ति और उत्साह के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर जिला कलेक्टोरेट परिसर में कलेक्टर कुन्दन कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
उन्होंने जिला कलेक्टोरेट के अधिकारी-कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कलेक्टर ने अपने संदेश में कहा कि गणतंत्र दिवस देश के वीर शहीदों के बलिदान को स्मरण करने और राष्ट्र सेवा के लिए ईमानदारी व निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लेने का दिन है।
उन्होंने शासकीय सेवकों से कर्तव्यनिष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण भाव से कार्य करते हुए जिले को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया। इस अवसर पर अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, डिप्टी कलेक्टर मायानंद चंद्रा सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसी कड़ी में जिला मुख्यालय मुंगेली स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विधायक पुन्नूलाल मोहले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संदेश का वाचन किया तथा जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
मुख्य अतिथि ने कलेक्टर कुन्दन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के साथ तिरंगे रंग के गुब्बारों को आकाश में उड़ाकर हर्ष और खुशहाली का संदेश दिया। परेड कमांडर ख्रीष्ट नरगिस तिग्गा बघेल एवं उप कमांडर कार्तिकेश्वर जांगड़े के नेतृत्व में विभिन्न प्लाटून दलों द्वारा आकर्षक मार्चपास्ट किया गया।
शहीदों के परिजनों का सम्मान
समारोह में जिले के वीर शहीदों की शहादत को नमन करते हुए उनके परिजनों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित शहीदों में धनंजय सिंह राजपूत, छत्रधारी जांगड़े, आर. आनंद सिंह राठौर, संतोष पहारे, नरेंद्र साहू एवं प्लाटून कमांडर राजकुमार कश्यप शामिल रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र
गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले के 10 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। मलखंब एकेडमी के विद्यार्थियों द्वारा किए गए मलखंब प्रदर्शन ने दर्शकों का मन मोह लिया।
विभिन्न विभागों द्वारा शासन की योजनाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं।
झांकी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान स्वास्थ्य विभाग, द्वितीय पंचायत एवं समाज कल्याण विभाग तथा तृतीय स्थान पुलिस विभाग ने प्राप्त किया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित
समारोह के दौरान शासन की योजनाओं एवं कार्यक्रमों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
देशभक्ति गीतों पर झूमे जनप्रतिनिधि और अधिकारी
कार्यक्रम के समापन पर देशभक्ति गीतों पर विधायक, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासनिक अधिकारी स्कूली बच्चों के साथ झूमते नजर आए।
“भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
✍️ पंकज कुमार बघेल
मुंगेली | वैभवी टाइम्स
