पंकज कुमार बघेल ,
मुंगेली, वैभवी टइम्स
लोरमी,
छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत झझपुरीकला में असामाजिक तत्वों द्वारा सतनामी समाज की आस्था के प्रमुख केंद्र जैतखाम को जलाने की घटना सामने आई है।
यह सनसनीखेज घटना 16 जनवरी 2026, शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव और रोष का माहौल बन गया है।
घटना की सूचना मिलते ही लोरमी पुलिस, तहसीलदार एवं अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेकर जांच प्रारंभ की। पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी हेतु सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
सतनामी समाज में भारी आक्रोश
जैतखाम को जलाए जाने की घटना को लेकर सतनामी समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। समाज के वरिष्ठजनों एवं जनप्रतिनिधियों ने इसे आस्था पर सीधा हमला बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। समाजजनों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास हैं, जिन्हें किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

समाज के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर उन्हें कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। वहीं, कई सामाजिक संगठनों ने घटना की निंदा करते हुए शांति एवं भाईचारे बनाए रखने की अपील की है।
प्रशासन ने भी आम नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है तथा भरोसा दिलाया है कि मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
