पंकज कुमार बघेल,
मुंगेली | वैभवी टाइम्स
मुंगेली जिले में चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली मुंगेली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
पुलिस ने ग्राम चमारी (टिंगीपुर) स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए 04 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है, वहीं 01 विधि से संघर्षरत बालक को बाल संरक्षण गृह भेजा गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 18.01.2026 को प्रार्थी परमेश्वर साहू, पिता स्व. कलीराम साहू, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम टिंगीपुर (चमारी), थाना सिटी कोतवाली मुंगेली द्वारा थाना उपस्थित होकर लिखित आवेदन प्रस्तुत किया गया।
आवेदन में बताया गया कि दिनांक 30.12.2025 को राशन वितरण कार्य पूर्ण होने के पश्चात शासकीय उचित मूल्य की दुकान को विधिवत बंद कर दिया गया था।
दिनांक 17.01.2026 को दोपहर लगभग 12:00 बजे, पंच अनमोल दास मानिकपुरी एवं ग्राम के सरपंच शिवकुमार साहू द्वारा सूचना दी गई कि शासकीय उचित मूल्य की दुकान चमारी के गोदाम का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की गई है।
सूचना मिलने पर प्रार्थी द्वारा मौके पर पहुंचकर गोदाम की जांच की गई, जहां चावल की बोरियों की गिनती करने पर पाया गया कि—
56 बोरी चावल, कुल वजन 28 क्विंटल, कीमत लगभग ₹70,000/-
05 बोरी शक्कर, कुल वजन 250 किलोग्राम, कीमत लगभग ₹4,250/-
इस प्रकार कुल ₹74,250/- की शासकीय राशन सामग्री चोरी होना पाया गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 31/2026, धारा 331(4), 305 बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र एवं स्थानीय जानकारी के आधार पर संदेही व्यक्तियों की पतासाजी की गई।
संदेह के आधार पर आकाश सिंह क्षत्रीय, श्रवण यादव, योगेन्द्र साहू, जगदीश प्रसाद साहू एवं एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि दिनांक 15-16.01.2026 की दरम्यानी रात सभी आरोपियों ने एक साथ मिलकर शासकीय उचित मूल्य की दुकान के दरवाजे को जोर से धक्का देकर कुंडा तोड़ दिया और गोदाम के अंदर प्रवेश कर जूट की बोरियों में भरे चावल की 44 बोरी, प्रत्येक बोरी 50-50 किलोग्राम, कुल 22 क्विंटल, कीमत ₹52,800/- चोरी की गई।
चोरी किए गए चावल को परिवहन करने के लिए एक ऑटो का उपयोग किया गया।
आरोपियों के मेमोरण्डम कथन के आधार पर गवाहों के समक्ष—
22 क्विंटल चावल, कीमत ₹52,800/-
01 नग ऑटो, कीमत ₹1,00,000/-
इस प्रकार कुल ₹1,52,800/- की संपत्ति जप्त की गई।
पुलिस द्वारा आरोपियों—
आकाश सिंह क्षत्रीय, पिता देव सिंह क्षत्रीय, उम्र 20 वर्ष
योगेन्द्र साहू उर्फ जानू, पिता धनऊराम साहू, उम्र 22 वर्ष
जगदीश प्रसाद साहू उर्फ जीवन, पिता जलेश्वर प्रसाद साहू, उम्र 18 वर्ष
श्रवण यादव, पिता मनोज यादव, उम्र 20 वर्ष
सभी निवासी ग्राम चमारी (टिंगीपुर) को दिनांक 20.01.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा गया, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को बाल संरक्षण गृह भेजा गया है।
इस संपूर्ण कार्यवाही में निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े (थाना प्रभारी सिटी कोतवाली मुंगेली) के नेतृत्व में प्र.आर. मनोज ठाकुर, दिलीप साहू, रविकुमार जांगड़े, चंद्रप्रकाश ध्रुव, आरक्षक अजय चंद्राकर, अरुण साहू, रवि श्रीवास एवं संजय यादव की भूमिका सराहनीय रही।
