पंकज कुमार बघेल, मुंगेली | वैभवी टाइम्स,
कलेक्टर कुन्दन कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल की संयुक्त उपस्थिति में कलेक्ट्रेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में योजना की प्रगति, प्राप्त आवेदनों की स्थिति तथा विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की बिंदुवार समीक्षा की गई।
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जनपदवार समीक्षा करते हुए सभी जनपद मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों से आवेदन भरवाए जाएं तथा उन्हें योजना के लाभों के प्रति जागरूक कर प्रेरित किया जाए।
उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने हेतु नियमित मॉनिटरिंग और समयबद्ध कार्यवाही के स्पष्ट निर्देश दिए।
बैठक में अवैध विद्युत हुकिंग की स्थिति पर भी गंभीर चर्चा हुई।
कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों, जनपद सीईओ एवं विद्युत विभाग को संयुक्त रूप से अभियान चलाकर अवैध हुकिंग पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि चिन्हित क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण किया जाए तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि अवैध विद्युत हुकिंग कानूनन अपराध है, जिससे जन-धन की हानि के साथ-साथ जानमाल को भी गंभीर खतरा उत्पन्न होता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसएसपी ने निर्देश दिए कि विद्युत अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाए तथा पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था लागू की जाए।
बैठक में अपर कलेक्टर निष्ठा पांडे तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडे, एसडीएम मुंगेली अजय शतरंज, एसडीएम लोरमी अजीत पुजारी, एसडीएम पथरिया रेखा चंद्रा, समस्त जनपद सीईओ, मुख्य नगरपालिका अधिकारी, विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता नंदराम भगत, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
