पंकज कुमार बघेल, मुंगेली, वैभवी टाइम्स

पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग द्वारा 03 फरवरी 2026 को जिला मुंगेली का प्रवास किया गया। इस दौरान उन्होंने थाना जरहागांव, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सायबर सेल, अपग्रेडेड कंट्रोल रूम, फिंगर प्रिंट शाखा एवं थाना सिटी कोतवाली का निरीक्षण किया।

प्रवास के दौरान सर्वप्रथम थाना जरहागांव का औचक निरीक्षण किया गया, जहां थाना रजिस्टरों की जांच कर निगरानी एवं आदतन बदमाशों की नियमित चेकिंग, रोजनामचा संधारण, सीसीटीएनएस एवं सायबर पोर्टल में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण तथा थाना परिसर की स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए

इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक कार्यालय मुंगेली में नवनिर्मित प्रशिक्षण भवन का लोकार्पण किया गया।
तत्पश्चात संवाद सभाकक्ष में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना-चौकी प्रभारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कलेक्टर कुंदन कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कीर छाबड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

समीक्षा बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश
सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर में कमी लाने प्रभावी कार्यवाही
अपराध नियंत्रण में सायबर तकनीक का अधिकतम उपयोग
बीट प्रणाली के माध्यम से आम नागरिकों से संवाद व आसूचना संकलन
सशक्त एप के उपयोग से चोरी गए वाहनों की त्वरित बरामदगी
सभी थाना-चौकी में “अनुभव” क्यूआर कोड से जन-फीडबैक
बेसिक पुलिसिंग और नियमित पेट्रोलिंग पर विशेष फोकस

क्राइम मीटिंग के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने हेतु नियमित गश्त, आदतन अपराधियों पर सतत निगरानी, रात्रिकालीन संदिग्ध गतिविधियों की जांच, असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई तथा बीट प्रणाली को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए गए।

सशक्त एप से मिली सफलता
बैठक में सशक्त एप्लीकेशन के उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी गई। इस एप के माध्यम से लावारिस एवं चोरी हुए वाहनों की पहचान कर शीघ्र बरामदगी संभव है। जिले में इस एप के माध्यम से 05 मोटरसाइकिलों की बरामदगी पर मुंगेली पुलिस को सराहना दी गई।
सायबर अपराधों पर सख्ती
सायबर सेल निरीक्षण के दौरान एनसीसीआरपी पोर्टल की शिकायतों का शीघ्र निराकरण, म्यूल बैंक खातों एवं फर्जी सिम जारी करने वाले पीओएस एजेंटों पर कार्रवाई, सीईआईआर पोर्टल से गुम मोबाइल की रिकवरी तथा स्कूल-कॉलेजों में सायबर जागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त सिटी कोतवाली, अपग्रेडेड कंट्रोल रूम, हाईटेक कैमरा सिस्टम एवं फिंगर प्रिंट शाखा का निरीक्षण किया गया। उत्कृष्ट कार्य पर फिंगर प्रिंट स्टाफ को नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
