पंकज कुमार बघेल, मुंगेली, वैभवी टाइम्स,
बिलासपुर पुलिस रेंज में पुलिसिंग को और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण नवाचार की शुरुआत की गई है।
पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग की परिकल्पना से विकसित “अनुभव” क्यूआर कोड सिस्टम का आज विधिवत शुभारंभ किया गया।
बिलासपुर पुलिस लाइन स्थित चेतना हाल में आयोजित कार्यक्रम में संभाग आयुक्त अनिल जैन, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह की गरिमामय उपस्थिति में इस नवाचार को लॉन्च किया गया।
वहीं बिलासपुर रेंज के सभी जिलों—कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, जीपीएम, सारंगढ़ एवं सक्ती के पुलिस अधीक्षक वर्चुअली कार्यक्रम से जुड़े।
थानों के अनुभव पर मिलेगा सीधा फीडबैक

“अनुभव” क्यूआर कोड को स्कैन कर आम नागरिक थाना अथवा पुलिस कार्यालय से जुड़े अपने अनुभव, सुझाव अथवा शिकायतें सीधे साझा कर सकेंगे। क्यूआर कोड स्कैन करने पर एक सरल गूगल फॉर्म खुलेगा, जिसे भरकर दिया गया फीडबैक सीधे पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय तक पहुंचेगा। पहचान और मोबाइल नंबर देना पूर्णतः वैकल्पिक रखा गया है।
तकनीक के माध्यम से पुलिस–जन संवाद

पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में पुलिस का तकनीकी रूप से सशक्त होना आवश्यक है। “अनुभव” पहल के माध्यम से नागरिक सरल तकनीक का उपयोग कर बिना किसी झिझक अपने वास्तविक अनुभव साझा कर सकेंगे। आज से यह व्यवस्था रेंज के सभी आठ जिलों के प्रत्येक थाने में एक साथ लागू कर दी गई है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने की सराहना

जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे आमजन बिना किसी वरिष्ठ कार्यालय के चक्कर लगाए सीधे अपनी बात पुलिस के उच्च अधिकारियों तक पहुंचा सकेंगे।
संभाग आयुक्त अनिल जैन ने कहा कि नवाचार वर्तमान समय की आवश्यकता है और चूंकि पुलिस जनता की सेवक है, इसलिए जनता के माध्यम से कार्य का मूल्यांकन अत्यंत आवश्यक है।
फीडबैक से होगी व्यवस्था में सुधार
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि बिलासपुर जिले के सभी थानों में “अनुभव” क्यूआर कोड स्थापित कर दिए गए हैं। थानों में आने वाले फरियादियों के अनुभवों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशिमोहन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल तथा पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी ने भी अपने विचार रखे और इस पहल को आधुनिक एवं प्रभावी पुलिसिंग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
रिबन काटकर किया गया विधिवत शुभारंभ

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा क्यूआर कोड का रिबन काटकर विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर “अनुभव” प्रणाली की उपयोगिता पर आधारित वीडियो प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अंत में पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने आम नागरिकों से अपील की कि वे इस व्यवस्था का सकारात्मक एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करें, अच्छे अनुभवों को साझा करें तथा कमियों की जानकारी निर्भय होकर दें, ताकि पुलिस व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।
कार्यक्रम के समापन पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
आज से बिलासपुर रेंज के सभी थानों में “अनुभव” क्यूआर कोड प्रणाली प्रभावी रूप से लागू कर दी गई है।
