पंकज कुमार बघेल,
मुंगेली | वैभवी टाइम्स
शासन की महत्वाकांक्षी बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत आज जिला कलेक्टोरेट परिसर से बेटी के संरक्षण, शिक्षा और सशक्तिकरण का संदेश लेकर जागरूकता रथ निकाला गया। अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ को रवाना किया और अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अतिरिक्त कलेक्टर ने कहा कि बेटियां समाज की आधारशिला हैं और उनके संरक्षण, शिक्षा एवं सम्मान के बिना समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने आमजनों से बालिका जन्म को उत्सव के रूप में मनाने, बेटियों को समान अवसर देने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करने की अपील की।
जागरूकता रथ के माध्यम से जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को बालिका जन्म के प्रति सकारात्मक सोच अपनाने, लैंगिक भेदभाव को समाप्त करने, भ्रूण हत्या एवं बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के दुष्परिणामों से अवगत कराया जाएगा। साथ ही बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक कर उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर मायानंद चंद्रा एवं सारिका मित्तल, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग संजुला शर्मा, चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक उमाशंकर कश्यप सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
