पंकज कुमार बघेल,
मुंगेली, वैभवी टाइम्स
मुंगेली पुलिस को चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने संगठित वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 01 ट्रैक्टर एवं 07 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस कार्रवाई में 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, वहीं एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में की गई। छत्तीसगढ़ पुलिस के “सशक्त एप” के माध्यम से चोरी हुए वाहनों की त्वरित जानकारी प्राप्त कर थाना लोरमी, सिटी कोतवाली मुंगेली एवं फास्टरपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने इस गिरोह तक पहुंच बनाई।
मामले का संक्षिप्त विवरण
थाना लोरमी क्षेत्र अंतर्गत 11–12 जनवरी की रात्रि गायत्री मंदिर के पास खड़े ट्रैक्टर की चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। विवेचना के दौरान साइबर सेल को तकनीकी व मुखबिर सूचना मिली कि ग्राम हरदीडीह निवासी दिलेश सप्रे एक पुराने ट्रैक्टर को बेचने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने पूर्व में भी विभिन्न मेलों एवं स्थानों से कई मोटरसाइकिलें चोरी की थीं। ट्रैक्टर चोरी की योजना बनाकर उसे अलग-अलग स्थानों पर छिपाया गया था। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया ट्रैक्टर, 07 मोटरसाइकिलें एवं घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपी
देवप्रसाद बर्मन, उम्र 35 वर्ष, निवासी हरदीडीह
दिलेश सप्रे, उम्र 22 वर्ष, निवासी हरदीडीह
पवन जगत, उम्र 36 वर्ष, निवासी हरदीडीह
मनीष साहू, उम्र 18 वर्ष, निवासी राजपुर
साथ ही 01 विधि से संघर्षरत बालक
जप्त वाहन
महेन्द्रा युवो 275 डीआई ट्रैक्टर
07 नग विभिन्न कंपनियों की मोटरसाइकिलें
घटना में प्रयुक्त 01 मोटरसाइकिल
अपील
पुलिस अधीक्षक मुंगेली ने नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना/चौकी को दें तथा घरों एवं दुकानों में सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगाएं।
इस पूरी कार्रवाई में साइबर सेल एवं थाना लोरमी, कोतवाली एवं फास्टरपुर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
