पंकज कुमार बघेल,
मुंगेली, वैभवी टाइम्स
कार्यालय वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली के निर्देशन में यातायात पुलिस टीम द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का समापन समारोह जनदर्शन सभा कक्ष, कलेक्ट्रेट मुंगेली में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने की। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं मयंक तिवारी, डिप्टी कलेक्टर मायानंद चंद्रा तथा उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत 1 जनवरी से 31 जनवरी तक जिले भर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। यातायात पुलिस टीम द्वारा स्कूल-कॉलेजों, शहर के चौक-चौराहों, प्रमुख स्थानों तथा ग्रामीण क्षेत्रों के हाट-बाजारों और कस्बों में नुक्कड़ सभा, नाटक, बैनर-पोस्टर एवं पाम्पलेट वितरण के माध्यम से स्कूली बच्चों, युवाओं एवं वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान स्कूली बच्चों द्वारा “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा” के नारे के साथ बैनर एवं तख्तियां लेकर रैली निकाली गई, जिससे शहर में सड़क सुरक्षा का संदेश गूंज उठा।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम, मुंगेली में स्वामी आत्मानंद हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, विवेकानंद स्कूल तथा सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों के मध्य यातायात विषय पर रंगोली, चित्रकला, स्लोगन एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए तथा सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को कॉपी-पेन वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, डिप्टी कलेक्टर मायानंद चंद्रा एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने उपस्थित बच्चों एवं वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
समापन अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए जीवन में सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने वाहन चलाते समय सजगता, ओवरटेक करते समय भारी वाहनों की स्थिति को समझने, गुस्से व नशे की अवस्था में वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का उपयोग न करने, हेलमेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, जेब्रा क्रॉसिंग एवं ट्रैफिक सिग्नल के पालन पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर आमजन से अपील की गई कि—
- यातायात संकेतों एवं नियमों का पालन करें।
- हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करें।
- नशे की हालत में या मोबाइल का उपयोग करते हुए वाहन न चलाएं।
- गलत दिशा एवं तेज रफ्तार से वाहन न चलाएं।
- दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाएं।
- 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को वाहन न चलाने दें।
उक्त कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक ख्रिष्ट नरगिस तिग्गा, यातायात प्रभारी उप निरीक्षक महेश मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक यशवंत सिंह राजपूत, के.पी. जायसवाल, विजय सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक रामफल साहू तथा आरक्षक दिनेश मरावी, सीताराम बर्मन, चंद्रभूषण राजपूत, रोशन साहू, अजीत परिहार, नरसिंह साहू एवं दुर्गेश चौहान की सराहनीय भूमिका रही।
