पंकज कुमार बघेल
मुंगेली, वैभवी टाइम्स
मुख्य सचिव विकासशील ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक ली। बैठक में अवैध एवं बाहरी धान की खपत पर की जा रही कार्रवाई, साप्ताहिक आधार पर उपार्जन केंद्रों तथा राइस मिलों के भौतिक सत्यापन की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली गई। साथ ही लघु एवं दीर्घ किसानों, दूसरे व तीसरे टोकन कटवाने वाले किसानों तथा अप्रयुक्त धान की मात्रा पर भी चर्चा हुई।
मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि 31 जनवरी को शाम 7 बजे के बाद किसी भी प्रकार की धान खरीदी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने जारी डीओ के विरुद्ध धान उठाव की समीक्षा करते हुए मिलर्स को 28 फरवरी तक धान उठाव पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिन समितियों में स्टॉक क्लीयरेंस में कठिनाई आ रही है, वहां अधिक संख्या में डीओ जारी करने के भी निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त आईसीसीसी द्वारा जनरेट किए गए जिलेवार अलर्ट्स, उनके कारणों एवं की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने बताया कि जिले में धान खरीदी सुचारू रूप से जारी है। अब तक लगभग 40 लाख क्विंटल से अधिक धान की खरीदी हो चुकी है, जिसमें से 26 लाख 18 हजार 672 क्विंटल से अधिक धान का उठाव किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि धान की अवैध ओवरलोडिंग, रिसायक्लिंग एवं अनियमितता पाए जाने पर संबंधित राइस मिलों को सील करने की कार्रवाई की जा रही है।
बैठक में धान खरीदी केंद्रों एवं राइस मिलों का नियमित व सघन भौतिक सत्यापन करने, वाहन लोडिंग से लेकर डिलीवरी तक पूरी प्रक्रिया की प्रभावी ट्रैकिंग एवं मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिलेवार रकबा समर्पण की गत वर्ष की तुलना में स्थिति की समीक्षा की गई तथा रिसायक्लिंग से बचाव हेतु विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर एनआईसी सभाकक्ष, जिला कलेक्टोरेट में जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, एसडीएम मुंगेली अजय शतरंज, एसडीएम लोरमी अजीत पुजारी, एसडीएम पथरिया रेखा चंद्रा, सहकारिता आयुक्त हितेश श्रीवास, खाद्य अधिकारी हुलेश डड़सेना, डीएमओ मार्कफेड मनोज यादव, डीएम नान संदीप शर्मा, कार्यपालन अभियंता विद्युत विभाग नंदराम भगत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
