मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत नवागढ़ में भव्य सामूहिक विवाह समारोह मंगलवार…
रज्जू बंजारे “वैभवी टाइम्स”
बेमेतरा । राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत बेमेतरा जिले के नवागढ़ विकासखंड में राज्य एवं जिला स्तरीय भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 10 फरवरी 2026 (मंगलवार) को नवागढ़ स्कूल ग्राउंड मैदान में सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगा।
इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह को सम्मानजनक एवं सरल स्वरूप प्रदान करना है। सामूहिक विवाह के माध्यम से जहां विवाह खर्चों में कमी लाई जा रही है, वहीं सामाजिक समानता, महिला सशक्तिकरण एवं दहेज जैसी कुप्रथाओं पर भी प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री दयालदास बघेल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में दुर्ग लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। इसके साथ ही अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सामूहिक विवाह समारोह के दौरान नवविवाहित जोड़ों को राज्य शासन की ओर से निर्धारित आर्थिक सहायता राशि एवं उपहार सामग्री प्रदान की जाएगी। यह योजना बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को सुदृढ़ करने और समाज में समान अवसर की भावना को बढ़ावा देने की दिशा में एक सशक्त पहल मानी जा रही है।
कार्यक्रम को लेकर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस अवसर पर जिले के अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रहने की संभावना है।
