09 फरवरी से स्कूलों में आधार पंजीयन एवं बायोमेट्रिक अपडेट कैंप
5 से 15 वर्ष के बच्चों का बनेगा आधार, आवश्यक निर्देश जारी
पंकज कुमार बघेल, मुंगेली | वैभवी टाइम्स
जिले में ‘मोर आधार–मोर पहचान’ थीम के अंतर्गत आधार सेचुरेशन अभियान चलाया जाएगा। मुख्य सचिव विकासशील द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले में आधार सेचुरेशन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इसके परिपालन में कलेक्टर कुन्दन कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय के मार्गदर्शन में 5 से 15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के आधार कार्ड निर्माण एवं बायोमेट्रिक अद्यतन के लिए विशेष अभियान प्रारंभ किया जा रहा है।
इस अभियान के तहत जिले के चिन्हांकित शासकीय एवं निजी विद्यालयों में 09 फरवरी से 19 फरवरी 2026 तक आधार पंजीयन एवं बायोमेट्रिक अपडेट कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों के माध्यम से ऐसे बच्चे, जिनका आधार कार्ड अब तक नहीं बना है या जिनका बायोमेट्रिक अपडेट लंबित है, उनका विद्यालय स्तर पर आधार पंजीयन किया जाएगा।
कलेक्टर ने अभियान के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। ईडीएम सोनम तिवारी ने जानकारी दी कि अभियान के दौरान लगभग 40 हजार नए आधार कार्ड बनाने तथा 30 हजार बच्चों के बायोमेट्रिक अद्यतन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी मुंगेली द्वारा सभी प्राचार्यों एवं प्रधान पाठकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। कैंप आयोजन से पूर्व आधार से वंचित बच्चों की सूची तैयार करने तथा पालक–अभिभावकों को पूर्व सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।
आधार पंजीयन हेतु बच्चों को जन्म प्रमाण पत्र, स्कूल आईडी तथा पालक/अभिभावक का आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। साथ ही विद्यालयों में कैंप संचालन के लिए उपयुक्त कक्ष, फर्नीचर, विद्युत व्यवस्था एवं आवश्यकता अनुसार इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।‘
