रज्जू बंजारे “वैभवी टाइम्स”
बेमेतरा । काव्य कलश कला एवं साहित्य मंच, खरसिया (जिला रायगढ़, छत्तीसगढ़) द्वारा गुरु घासीदास बाबा के अमर संदेश “मनखे-मनखे एक बरोबर” विषय पर आयोजित राज्य स्तरीय काव्य लेखन प्रतियोगिता में बेमेतरा के साहित्यकार डॉ. गोकुल बंजारे (चंदन) ने उत्कृष्ट रचना प्रस्तुत करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस उपलब्धि पर उन्हें सिविल लाइन स्थित वृंदावन हॉल, रायपुर में आयोजित गरिमामय समारोह में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग रायपुर की सचिव श्रीमती अभिलाषा बेहार उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ साहित्यकार मंगत रविन्द्र (कोरबा) ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
निर्णायक मंडल में रामेश्वर शर्मा, पी.सी. लाल यादव, मनमोहन सिंह ठाकुर, अजय अमृतांशु एवं मनिराम साहू ‘मितान’ शामिल रहे। अतिथियों के करकमलों से डॉ. गोकुल बंजारे को शाल, श्रीफल, प्रतीक चिन्ह एवं शील्ड भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन मंच की अध्यक्ष प्रियंका गुप्ता ‘प्रिया’ ने किया। इस अवसर पर मंच के संस्थापक पुरुषोत्तम प्रसाद गुप्ता, उपाध्यक्ष राकेश नारायण बंजारे, सचिव महेंद्र कुमार राठौर, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष अनामिका संजय अग्रवाल सहित मनोज पाटिल ‘मणि’, ओम प्रकाश पात्रे, लेखराम भारती, दिलीप टिकरिहा एवं बड़ी संख्या में कवि, साहित्यकार और कलाकार उपस्थित रहे।
डॉ. गोकुल बंजारे की इस उपलब्धि से बेमेतरा जिले में साहित्यिक जगत में हर्ष का वातावरण है।
