पंकज कुमार बघेल
मुंगेली, वैभवी टाइम्स
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत अप्रारंभ एवं प्रगतिरत लंबित आवासों को समय-सीमा में पूर्ण कराने के उद्देश्य से जिले में व्यापक स्तर पर आवास चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले के सभी विकासखंडों की सर्वाधिक अपूर्ण आवास वाली ग्राम पंचायतों में 09 फरवरी तक प्रतिदिन आवास चौपाल आयोजित की जा रही है।
इसी क्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय ने मुंगेली विकासखंड के ग्राम धपई में आयोजित आवास चौपाल में सहभागिता कर हितग्राहियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने नवीन स्वीकृत आवासों के अप्रारंभ कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने तथा निर्माणाधीन आवासों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
चौपाल के दौरान हितग्राहियों ने अपनी समस्याएँ सीधे जिला पंचायत सीईओ के समक्ष रखीं, जिन पर त्वरित समाधान की कार्यवाही की गई। साथ ही सभी हितग्राहियों को 31 मार्च 2026 तक लंबित समस्त आवासों को अनिवार्य रूप से पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित नोडल अधिकारी, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि आवास चौपाल के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु प्रत्येक ग्राम पंचायत के लिए जिला एवं जनपद पंचायत स्तर से नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
इनके माध्यम से आवास निर्माण की प्रगति की समीक्षा की जा रही है तथा हितग्राहियों को समय-सीमा में आवास पूर्ण करने हेतु आवश्यक समझाइश दी जा रही है।
चौपाल में राजमिस्त्री, महिला स्व-सहायता समूह की दीदियाँ एवं स्थानीय निर्माण सामग्री विक्रेताओं की उपस्थिति से सेंटरिंग प्लेट, निर्माण सामग्री की उपलब्धता एवं कुशल श्रमिकों की व्यवस्था जैसे विषयों पर त्वरित सहायता प्रदान की गई, जिससे आवास निर्माण में आ रही व्यावहारिक बाधाओं का समाधान सुनिश्चित हो रहा है।
