सुशासन तिहार के तहत पुछेली में समाधान शिविर आयोजित, 1100 से अधिक आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया जारी
पंकज कुमार बघेल, मुंगेली, वैभवी टाइम्स
मुंगेली, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप आयोजित सुशासन तिहार के अंतर्गत विकासखंड पथरिया के ग्राम पुछेली में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक पुन्नूलाल मोहले ने विभागवार आवेदनों के निराकरण की समीक्षा करते हुए कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान ही सुशासन की पहचान है। उन्होंने ग्रामीणों से शिविर का अधिकाधिक लाभ लेने और अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय ने कहा कि समाधान शिविर शासन और जनता के बीच विश्वास का मजबूत माध्यम बन रहे हैं तथा सभी आवेदनों का नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने आम और जामुन के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
शिविर में 20 श्रमिकों को श्रम कार्ड, 10 हितग्राहियों को राशन कार्ड, 8 हितग्राहियों को आयुष्मान एवं वय वंदना कार्ड, 10 किसानों को अरहर मिनी किट, 2 हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति आदेश तथा 19 स्व-सहायता समूहों को चक्रीय निधि अंतर्गत 15-15 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए। पुछेली क्लस्टर में मांग एवं शिकायत से संबंधित 1100 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनके निराकरण की प्रक्रिया जारी है।
