जिले में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस गरिमामय वातावरण में मनाया जाएगा
जिला मुख्यालय स्थित स्टेडियम में होगा मुख्य समारोह, तैयारियों को लेकर प्रशासन सतर्क
पंकज कुमार बघेल
मुंगेली, वैभवी टाइम्स
जिले में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस इस वर्ष गरिमामय, अनुशासित एवं हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा। जिला मुख्यालय स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें गणतंत्र दिवस की गरिमा के अनुरूप विविध कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में प्रशासनिक अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह को सफल, सुव्यवस्थित एवं भव्य रूप देने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कार्यक्रम स्थल पर रंग-रोगन, मंच सज्जा, बैठक व्यवस्था, बैरिकेटिंग, वाहन पार्किंग, पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, साफ-सफाई, अग्निशमन व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों की व्यवस्था समय पर पूर्ण की जाए।
बैठक में बताया गया कि मुख्य समारोह के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके पश्चात आकर्षक परेड का आयोजन होगा, जिसमें परेड की सलामी ली जाएगी। साथ ही गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों, विद्यार्थियों एवं आमंत्रित अतिथियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि समारोह स्थल पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। स्वास्थ्य विभाग को आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध रखने, नगर पालिका को साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा पुलिस एवं संबंधित विभागों को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, डिप्टी कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि गणतंत्र दिवस समारोह को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएंगी।
