एनएसएस-एनसीसी के संयुक्त कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने योग के साथ लिया नशामुक्ति का संकल्प
पंकज कुमार बघेल, मुंगेली | वैभवी टाइम्स
मुंगेली, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पीएम श्री बी.आर. साव शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय, मुंगेली में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन अटल बिहारी बाजपेयी विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशन में विद्यालय के उपप्राचार्य राजेंद्र सिंह के नेतृत्व तथा एनएसएस एवं एनसीसी के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में विद्यालय के एनसीसी कैडेट, एनएसएस स्वयंसेवक, छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण एवं समस्त संस्था परिवार की सक्रिय भागीदारी रही। सुबह आयोजित इस कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। योग अभ्यास के माध्यम से स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान योग विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को योग के महत्व, नियमित अभ्यास से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभ तथा तनावमुक्त जीवन के उपायों की जानकारी दी। मुख्य वक्ता दिनेश घोषले ने कहा कि आज के व्यस्त और तनावपूर्ण जीवन में योग ही शरीर और मन को संतुलित रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
यह आयोजन जिला संगठक एन.के. पुरले के विशेष मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के सफल संचालन में एनसीसी अधिकारी रविराज आड़ील, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी यशवंत दिवाकर, योग मार्गदर्शक एकानंद तिवारी सहित विद्यालय के शिक्षकगण और वरिष्ठ विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
विद्यालय प्रबंधन ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और इसे विद्यार्थियों के दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और मानसिक मजबूती भी प्रदान करता है।
कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों ने नशा मुक्ति शपथ लेकर समाज को नशामुक्त बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
इस आयोजन ने विद्यालय में स्वास्थ्य, अनुशासन और जागरूकता का संदेश प्रसारित करते हुए विद्यार्थियों में योग के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।
“योग अपनाएं – स्वस्थ रहें, खुशहाल रहें”
