पंकज कुमार बघेल
मुंगेली, वैभवी टाइम्स
जिले में जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के उद्देश्य से मुंगेली पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में जिलेभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन बाज” अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर दो सटोरियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की है। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से सट्टेबाजों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में जुआ-सट्टा को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध निरंतर कठोर कदम उठाए जाएंगे।
सार्वजनिक स्थान पर सट्टा पट्टी लिखते पकड़ा गया आरोपी
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 13 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि चूड़ी लाइन गोल बाजार, मुंगेली क्षेत्र में एक व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर लोगों को अंकों पर रुपये-पैसे का लालच देकर सट्टा खिला रहा है। सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर दबिश दी गई, जहां जाहिद अली पिता वाहिद अली, उम्र 35 वर्ष, निवासी चूड़ी लाइन गोल बाजार, मुंगेली को सट्टा पट्टी लिखते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 20,000 रुपये नगद, सफेद कागज पर लिखी सट्टा पट्टी एवं रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन (कीमत लगभग 5,000 रुपये) बरामद कर जब्त किया गया। आरोपी का कृत्य छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध पाए जाने पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 15/26, धारा 6 के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाते पकड़ा गया दूसरा आरोपी
इसी तरह एक अन्य कार्रवाई में मुखबिर सूचना पर पुलिस टीम ने नगर पालिका स्कूल के पास, मुंगेली से राज सोनी पिता रमेश, उम्र 35 वर्ष, निवासी सदर बाजार, मुंगेली को गिरफ्तार किया। आरोपी मोबाइल फोन के माध्यम से क्रिकेट माजा इलेवन एप पर ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए पाया गया। जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल में व्हाट्सएप के जरिए क्रिकेट सट्टे से संबंधित बातचीत एवं रकम के लेन-देन के साक्ष्य मिले।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सैमसंग एस-25 अल्ट्रा मोबाइल (कीमत लगभग 50,000 रुपये) जब्त किया। आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 16/26, धारा 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया। साथ ही आरोपी के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए धारा 170, 126(बी), 135(2) बीएनएसएस के तहत मामला बनाकर एसडीएम न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेजा गया।
जुआ-सट्टा पर सख्ती जारी रखने के निर्देश
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि “ऑपरेशन बाज” अभियान के तहत जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को जुआ-सट्टा पर पूर्ण नियंत्रण के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे इस प्रकार की अवैध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में साइबर सेल एवं सिटी कोतवाली पुलिस टीम के निरीक्षक, उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक एवं आरक्षकों की अहम भूमिका रही, जिनके सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई से यह सफलता प्राप्त हुई।

